दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम, बड़ी संख्या में रक्तवीरों ने लिया हिस्सा
गोरखपुर। अरविन्द श्रीवास्तव । सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को समर्पित एक विशेष पहल के तहत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, माया बाजार सेवाकेंद्र की ओर से मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को गोरखपुर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का आयोजन लॉज नेपाल नंबर 38, सिविल लाइंस, गोरखपुर में किया गया। कार्यक्रम में गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति पूनम टंडन, ICMR के निदेशक एच.एस. जोशी और गोरखपुर के मेयर मंगलेश श्रीवास्तव समेत कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
रक्तवीरों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तवीरों ने मानव सेवा के उद्देश्य से अपना रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने की मुहिम में योगदान दिया।

शिविर के दौरान कुल 37 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस दौरान रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र और जिला अस्पताल की संयुक्त पहल
कार्यक्रम को सफल बनाने में माया बाजार सेवाकेंद्र की प्रभारी बी.के. समृद्धि दीदी और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं जिला अस्पताल गोरखपुर के रक्तकोष संग्रह दल ने रक्त संग्रह की जिम्मेदारी संभालते हुए कार्यक्रम में सहयोग किया।

दादी प्रकाशमणि की स्मृति में चल रहा सेवा अभियान
बताया गया कि यह रक्तदान शिविर राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया।
दादी प्रकाशमणि की स्मृति में ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़े भाई-बहनों और कुमारियों द्वारा विश्वभर में विभिन्न सेवाकेंद्रों के माध्यम से समाज सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गोरखपुर में रक्तदान शिविर के जरिए मानव सेवा का संदेश दिया गया।

रक्तदान शिविर ने लोगों को यह संदेश दिया कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने के लिए किया गया रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है।











