गोरखपुर। अरविन्द श्रीवास्तव । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 792 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

कैम्पियरगंज क्षेत्र के भारीवैसी में लगभग 125 एकड़ भूमि पर बनने वाला यह विश्वविद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसके निर्माण पर करीब 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है। विश्वविद्यालय में वानिकी, औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और कृषि वानिकी जैसे विषयों में शिक्षा एवं शोध की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि प्रदेश के वन विभाग ने निर्धारित समय सीमा के भीतर इस महत्वाकांक्षी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान पूर्वांचल में शिक्षा, शोध, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अखिलेश यादव के रोड शो में किशोर की मौत पर सपा को घेरा
विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। दरअसल, बुधवार को गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई थी। बताया गया कि रोड शो में फूल बरसाने के लिए इस्तेमाल की जा रही जेसीबी मशीन की चपेट में आने से किशोर की जान चली गई।
इस घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने एक नाबालिग लड़के को अपने रोड शो का शिकार बना दिया। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं है।

मुख्यमंत्री ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। वहीं हादसे की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
एक ओर गोरखपुर को शिक्षा और विकास की नई सौगात मिली है, तो दूसरी ओर रोड शो में किशोर की मौत ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।












