November 26, 2026 2:59 pm

गोरखपुर में अखिलेश यादव का बड़ा सियासी दांव, टप्पू सिंह की सपा में एंट्री से बढ़ी हलचल; रवि किशन पर भी साधा निशाना

गोरखपुर।अरविन्द श्रीवास्तव । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर पहुंचकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी। PDA रथयात्रा के जरिए अखिलेश यादव ने पूर्वांचल में पार्टी की ताकत दिखाने के साथ ही भाजपा को भी निशाने पर लिया।

 

अखिलेश यादव का यह दौरा अजय सिंह उर्फ टप्पू सिंह के आमंत्रण पर हुआ। टप्पू सिंह ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनके सपा में शामिल होने को गोरखपुर की स्थानीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

बड़े भाई बिन्नू सिंह की प्रतिमा पर अखिलेश ने किया माल्यार्पण

अखिलेश यादव चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बिन्नू सिंह, अजय सिंह उर्फ टप्पू सिंह के बड़े भाई थे। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने उन्हें याद किया और पुष्प अर्पित किए। इसके साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

PDA रथयात्रा से किया शक्ति प्रदर्शन

अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू हुई। यात्रा नंदानगर और गुरुंग तिराहे से होते हुए चौरीचौरा के देवकही गांव पहुंची। रास्ते में सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत में नारे लगाते नजर आए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

रवि किशन के बयान पर अखिलेश का तंज, स्पेन और वेनिस का किया जिक्र

जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा और उसके नेताओं पर निशाना साधा। गोरखपुर के सांसद रवि किशन के चर्चित बयान पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर आकर उन्हें लगा कि वह यूरोप आ गए हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी के झूठे वादों वाला स्पेन भी है और वेनिस भी।

अखिलेश यादव का यह बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए काशी और गोरखपुर के चुनावी नतीजों को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर आज वोट पड़ जाए तो काशी में भाजपा का डबल जीरो होगा और गोरखपुर में भी भाजपा को चुनौती मिलेगी।

2027 के चुनाव पर टिकी निगाहें

अखिलेश यादव ने PDA के नारे के जरिए कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “गोरखपुर की ये पुकार, अहंकार की होगी हार, PDA की यही पुकार, इस बार अपनी सरकार।”

गौरतलब है कि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद होने के साथ भाजपा का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में अखिलेश यादव का यहां पहुंचना, टप्पू सिंह का समाजवादी पार्टी में शामिल होना और PDA रथयात्रा के जरिए शक्ति प्रदर्शन करना 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा की राजनीतिक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

अब देखना होगा कि टप्पू सिंह की सपा में एंट्री और अखिलेश यादव के इस दौरे से गोरखपुर की राजनीति में क्या नए समीकरण बनते हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका कितना असर दिखाई देता है।

अक्षर भारत विशेष | गोरखपुर

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें