November 26, 2026 2:59 pm

दिल्ली में थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, 9 जवान घायल; पुलिस की 8 राउंड फायरिंग में आरोपी नबील को लगीं 6 गोलियां

नई दिल्ली। अरविन्द श्रीवास्तव । राजधानी दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक 30 वर्षीय आरोपी ने पहले पुलिस थाने के अंदर पांच पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया और फिर वहां से भागते समय स्कूटर छीनकर चितली कबर इलाके में पहुंच गया। यहां भी उसने चार अन्य पुलिसकर्मियों को चाकू मारकर घायल कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आत्मरक्षा में आठ राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इसमें छह गोलियां आरोपी को लगीं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस पूरी घटना में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। पुलिस की फायरिंग में उसके दोनों पैरों में चोटें आई हैं। सभी छह गोलियां कमर के नीचे लगी हैं। अधिक खून बहने के कारण उसे तत्काल लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाने के अंदर पांच पुलिसकर्मियों पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नबील अपनी जेब में एक छोटा चाकू रखकर थाने पहुंचा था। वहां पहुंचते ही उसने चाकू निकाल लिया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो सब-इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद आरोपी थाने से फरार हो गया।

घटना के समय आरोपी की मां और बहन भी पुलिस स्टेशन में मौजूद थीं, लेकिन पुलिस के मुताबिक आरोपी ने उन पर ध्यान नहीं दिया।

स्कूटर छीनकर चितली कबर पहुंचा आरोपी

थाने से निकलने के बाद जब दो पुलिसकर्मियों ने आरोपी का पीछा किया तो उसने रास्ते में एक स्कूटर छीन लिया और चितली कबर इलाके की ओर भाग गया। वहां पहुंचने के बाद उसने चाकू से चार और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

लगातार हमले और पुलिसकर्मियों की जान को खतरा देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में आठ राउंड फायरिंग की। इनमें से छह गोलियां आरोपी को लगीं। इसके बाद उसे काबू में कर अस्पताल पहुंचाया गया।

चार पुलिसकर्मी LNJP, पांच सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती

घायल नौ पुलिसकर्मियों में से चार का उपचार LNJP अस्पताल में चल रहा है, जबकि पांच पुलिसकर्मियों को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती पांच में से चार पुलिसकर्मियों को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया है, जबकि एक का उपचार इमरजेंसी विभाग में चल रहा है।

 

गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों में सब-इंस्पेक्टर अजय और सब-इंस्पेक्टर अरविंद भी शामिल हैं।

मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की अफवाहों को पुलिस ने नकारा

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी नबील की उम्र 30 वर्ष है और वह मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ है। उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की खबरों और अफवाहों को पुलिस ने गलत बताया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में मारपीट का एक मामला पहले से दर्ज है।

तीन मामलों में कार्रवाई की तैयारी, हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं

दिल्ली पुलिस इस घटना को लेकर तीन अलग-अलग मामले दर्ज करने की प्रक्रिया में है। इनमें पुलिस स्टेशन के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमला, जबरन स्कूटर छीनने और चितली कबर इलाके में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने से संबंधित मामले शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि अभी तक आरोपी से पूछताछ नहीं हो सकी है। इसलिए उसने पुलिसकर्मियों पर हमला क्यों किया, इसके पीछे क्या वजह थी और उसका वास्तविक मकसद क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

फिलहाल पुलिस ने उस शिकायत का विवरण भी सार्वजनिक नहीं किया है, जिसे आरोपी की मां और बहन ने थाने में दर्ज कराया था।

फिलहाल इस पूरी घटना की जांच जारी है। पुलिस की पूछताछ के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें