गोरखपुर/पटना/नई दिल्ली।अरविन्द श्रीवास्तव । लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को देशभर के छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से लेकर बिहार की राजधानी पटना और देश की राजधानी दिल्ली तक श्रद्धालुओं ने नदी और सरोवरों के तट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया।

गोरखपुर के राजघाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में राप्ती नदी के तट स्थित राजघाट पर हजारों श्रद्धालु छठ पूजा के लिए पहुंचे। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। घाट पर छठी मईया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल ने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया।

बिहार की राजधानी पटना में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी छठ महापर्व के रंग में रंगी नजर आईं। उन्होंने दीघा स्थित मीनार घाट पर गंगा नदी के किनारे छठ पूजा की परंपराओं का निर्वहन किया और भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। उनकी पूजा के दृश्य भी चर्चा में रहे।
दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के किनारे स्थित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। उत्तरी जिला की डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि श्याम घाट पर एक लाख से सवा लाख तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसके लिए स्थानीय पुलिस, अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है।

वहीं ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर मधुर वर्मा ने बताया कि उत्तरी जिले के सबसे बड़े छठ घाट पर लगभग दो से ढाई किलोमीटर क्षेत्र में व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, मोटरबोट, गोताखोर और लाइफ जैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। इसके अलावा रिजर्व फोर्स की दो कंपनियां भी तैनात की जाएंगी।
16 नवंबर को उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के बाद अब सोमवार सुबह व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसी के साथ कठिन व्रत, नियम और श्रद्धा से जुड़ा यह महापर्व संपन्न होगा।
छठ महापर्व ने एक बार फिर भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था की अनूठी तस्वीर पेश की है।












