November 26, 2026 3:21 pm

देश-विदेश में छठ महापर्व की धूम, मुंबई में तमन्ना भाटिया और ऋतिक रोशन ने खींचा ध्यान

मुंबई।अरविन्द श्रीवास्तव । लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मुंबई के जुहू बीच से लेकर दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और अमेरिका के न्यू जर्सी तक छठी मैया की आराधना में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री तमन्ना भाटिया और अभिनेता ऋतिक रोशन की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी।

मुंबई के जुहू बीच पर छठ पूजा के अवसर पर पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने भक्ति गीत ‘छठी मैया’ को मिले प्यार पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस गीत के माध्यम से उन्हें छठ पूजा की परंपरा और आस्था को करीब से समझने का अवसर मिला। तमन्ना ने बताया कि पटना में गंगा आरती के दौरान उनके मन में छठ पूजा देखने की इच्छा जगी थी। मुंबई में अपने ही शहर में श्रद्धालुओं के साथ इस पर्व को मनाना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।

वहीं, अभिनेता ऋतिक रोशन भी मुंबई के जुहू बीच पर छठ पूजा के उत्सवी माहौल के बीच नजर आए।

देश की राजधानी दिल्ली में भी छठ पूजा की रौनक देखने को मिली। घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। खास बात यह रही कि विदेशी पर्यटकों ने भी इस पर्व में दिलचस्पी दिखाई और श्रद्धालुओं के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन का अनुभव किया। अमेरिका के कोलोराडो से भारत आए पर्यटक मैट ने बताया कि यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उन्हें छठ पर्व की पहले जानकारी नहीं थी, लेकिन इस उत्सव को देखकर वे बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने इसे एक खूबसूरत और यादगार अनुभव बताया।

भारत से हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका के न्यू जर्सी में भी छठ महापर्व की भव्यता देखने को मिली। यहां संध्या अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सूर्यदेव की उपासना की।

उधर, हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ स्थित शल्लेवाल में चिकनी नदी के तट पर करीब 1,500 श्रद्धालुओं ने छठ पूजा में हिस्सा लिया। 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले व्रती महिलाओं और पुरुषों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान के कल्याण की कामना की।

छठ महापर्व के अवसर पर मुंबई में अमिताभ बच्चन के आवास जलसा के बाहर भी रविवार को प्रशंसकों की भीड़ और उनके स्वागत का पारंपरिक दृश्य देखने को मिला। अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया। उनका यह लोकप्रिय ‘जलसा संडे’ एक बार फिर चर्चा में रहा।

छठ महापर्व की इन तस्वीरों ने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं की पहचान भौगोलिक सीमाओं से कहीं आगे है। आस्था, अनुशासन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार की खुशहाली का संदेश देने वाला यह पर्व दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय को अपनी जड़ों से जोड़ रहा है।

अक्षर भारत LIVE।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें